गोरखपुर, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि कांग्रेस
द्वारा अपने घोषणा पत्र को न्याय पत्र कहा जाना अपने आप में हास्यास्पद है। वास्तव में यह
अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ी जातियों के प्रति, भारत की सनातन आस्था के प्रति अन्याय
पत्र है।
कांग्रेस का घोषणा पत्र मुस्लिम लीग के नए वर्जन जैसा है। लेकिन ये लोग अब जनता की
आंख में धूल झोंक कर सत्ता नहीं हथिया पाएंगे।
बुधवार को चुनाव प्रचार के लिए निकलने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखनाथ मंदिर
परिसर में मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी द्वारा भाजपा पर नफरत की राजनीति को बढ़ावा देने का
आरोप लगाए जाने के सवाल पर सीएम योगी ने तल्ख अंदाज में कहा कि सफेद झूठ बोलने के
बजाय कम से कम सोनिया गांधी को तो सच बोलने की आदत डालनी चाहिए। चुनाव के दौरान अब
वे लोग देश की जनता की आंखों में धूल झोंककर सत्ता नहीं हथिया पाएंगे क्योंकि मोदी जी के नेतृत्व
में पूरा देश एकजुट होकर एक भारत-श्रेष्ठ भारत के दर्शन कर रहा है।
उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी जी की तरफ से भाजपा पर लगाया गया झूठा आरोप ‘उल्टा चोर
कोतवाल को डांटे’ को चरितार्थ करने जैसा है। यह हर व्यक्ति जानता है, बांटों और राज करो की
नीति कांग्रेस को विरासत में प्राप्त हुई है। अंग्रेजों की कुटिल चाल को 1947 में कांग्रेस ने सफल होने
दिया और देश का बंटवारा किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद राजनीतिक स्वार्थ के कारण जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर
देश के अंदर वर्ग संघर्ष को कांग्रेस ने बढ़ावा दिया। आतंकवाद, नक्सलवाद और अलगाववाद, यह सब
कांग्रेस की ही देन है।