केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष
मनोहर जोशी के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया और कहा कि देश व महाराष्ट्र की राजनीति में
उनका योगदान सदैव स्मृतियों में रहेगा
जोशी का शुक्रवार को मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री जोशी को
दिल का दौरा पड़ने के बाद बुधवार को मुंबई के पी डी हिंदुजा अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया
था जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘पूर्व लोकसभा अध्यक्ष और महाराष्ट्र के पूर्व
मुख्यमंत्री मनोहर जोशी जी के निधन से दुखी हूं। देश और महाराष्ट्र की राजनीति में उनका योगदान
सदैव हमारी स्मृति में रहेगा। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करता हूं। ईश्वर
दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।’
शिवसेना के दिग्गज नेताओं में शुमार जोशी को पिछले वर्ष मई में मस्तिष्काघात के बाद इसी अस्पताल
में भर्ती कराया गया था। जोशी वर्ष 1995 से 1999 तक महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री थे और वह अविभाजित
शिवसेना से राज्य के मुख्यमंत्री बनने वाले पहले नेता थे। जोशी संसद के सदस्य भी चुने गए थे और
वह 2002 से 2004 तक लोकसभा अध्यक्ष रहे।