जहाँगीराबाद। युवा हिन्दू वाहिनी भारत ने शनिवार को भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकाली। यह शोभायात्रा अयोध्या में बन रहे भव्य मंदिर के उपलक्ष्य में निकाली गई। शोभायात्रा में दर्जनों बाइक व गाड़ियां भी शामिल रहीं। इस मौके पर मुख्यातिथि के रूप में युवा हिन्दू वाहिनी भारत के राष्ट्रीय संगठन मंत्री भवदेश कुमार गुप्ता व विशिष्ट अतिथि के रूप में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष विजय कपासिया शामिल हुए।
शनिवार को युवा हिन्दू वाहिनी भारत के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष चौ. जितेंद्र नवीनगर के नई मंडी स्थित प्रतिष्ठान मान ट्रेडिंग कम्पनी से श्रीराम शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। यह शोभायात्रा मुख्य बाजार में होते हुए बुलन्दशहर की ओर कूच कर गई। बुलन्दशहर भूड़ चौराहे पर पहुंचकर यह शोभायात्रा संपन्न हुई।
इस यात्रा के सम्बंध में मुख्यातिथि भवदेश गुप्ता ने कहा कि भगवान राम अपने अयोध्या धाम में विराजमान होने जा रहे हैं जो प्रत्येक सनातनी के लिए गर्व का विषय है। विशिष्ट अतिथि विजय कपासिया ने कहा कि जो सपना हर सनातनी ने देखा था वो आज भाजपा सरकार के कारण साकार होने जा रहा है। चौ. जितेंद्र नवीनगर ने कहा कि 500 वर्ष की लंबी प्रतीक्षा के बाद रामलला टेंट से निकलकर अपने भव्य मंदिर में विराजमान होंगे।
इस सुखद क्षण के हम सभी साक्षी बनेंगे। इस अवसर को हम सभी को दीवाली की तरह मनाना चाहिए। इस मौके पर सैकड़ों लोग मौजूद रहे।