छठ पर्व की वजह से सब्जी मंडी में सब्जियों के दामों में उछाल आ
गया है। बीते दो दिनों के मुकाबले घिया और गोभी के दाम में 40 से 50 प्रतिशत तक तेजी आई है।
छठ पर्व की शुरुआत नहाए खाए से शुक्रवार से हो रही है। परंपरा के मुताबिक नहाए खाए के दिन पूजन
करने वाली महिलाएं अरबा चावल और घिया-चने की दाल खाती हैं। घर-परिवार के अन्य सदस्य भी यही
प्रसाद ग्रहण करते हैं।
इसलिए घीया की मांग बाजार में बढ़ जाती है। बीते दो दिनों के मुकाबले सब्जी के
दुकानों पर घिया के दामों में दोगुना तक उछाल आया है। गुरुवार को पुराना बस अड्डा स्थित सब्जी मंडी
में घिया 40 रुपए किलो तक बिका। तो यही घिया कॉलोनी एवं सोसाइटी की दुकानों पर 50 से 60 रुपए
किलो तक पहुंच गया। जबकि दो दिन पहले तक सब्जी मंडी में 20 से 25 रुपए किलो तक बिक रहा
था। इसी तरह गोभी के दामों में भी उछाल आया है।
दो दिन पहले तक 20 से 25 रुपए किलो बिकने
वाला गोभी गुरुवार को मंडी में 40 रुपए किलो तक पहुंच गया। बाजार के जानकारों का मानना है कि
छठ पर्व में हरी सब्जियों की मांग बढ़ जाती है। घीया की सब्जी खाने का विशेष प्रचलन है। इसलिए
शुक्रवार को भी घिया के दाम में तेजी रहने की संभावना है। गुरुवार को साप्ताहिक बाजारों में भी घिया
के दाम में तेजी दिखी। लोग जरूरत के हिसाब से महंगाई होने के बावजूद सब्जियों की खरीदारी करते
रहे।