उत्तर प्रदेश में ‘इंडिया ब्लॉक’ के दो मुख्य घटक कांग्रेस और समाजवादी
पार्टी (सपा) के बीच ‘सियासी मुद्दे’ सुलझने की बजाय और अधिक उलझ रहे हैं। सपा और कांग्रेस के
बीच ताजा रोड़ा बहुजन समाज पार्टी (बसपा) है।
सपा 28 विपक्षी दलों के गठबंधन में बसपा के शामिल होने के खिलाफ है, वहीं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी
के अध्यक्ष अजय राय, बसपा अध्यक्ष मायावती से ‘इंडिया’ में शामिल होने पर “गंभीरता से विचार” करने
का आग्रह कर रहे हैं।
ब्लॉक की समन्वय समिति में सपा के प्रतिनिधि जावेद अली खान ने कहा, ”अजय राय की पृष्ठभूमि
बीजेपी की है और कांग्रेस को उनकी टिप्पणियों का संज्ञान लेना चाहिए।”
मायावती ने हाल ही में अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं से कहा कि वे इंडिया ब्लॉक के सदस्यों के खिलाफ
कोई टिप्पणी न करें क्योंकि बसपा ने अब गठबंधन के संबंध में अपने विकल्प खुले रखे हैं।
इससे सपा और भी परेशान हो गई है, उसे संदेह है कि कांग्रेस अंतिम समय में बसपा को इंडिया में ला
सकती है। इसे लेकर दोनों पार्टियों के बीच तनाव बढ़ गया है।
उत्तर प्रदेश में मुख्य समस्या यह है कि अखिलेश यादव एक राज्य के नेता हैं, लेकिन, खुद को एक
राष्ट्रीय नेता के रूप में स्थापित कर रहे हैं और खुद कमान संभालना चाहते हैं। कांग्रेस, जाहिर तौर पर,
एसपी जैसे ‘जूनियर पार्टनर्स’ को ज्यादा महत्व नहीं देती है और पार्टी आलाकमान ने अब तक उत्तर प्रदेश
की स्थिति पर चुप्पी साध रखी है।
सीट बंटवारे पर बातचीत अभी तक सिरे नहीं चढ़ पाई है। इसलिए, सपा और कांग्रेस के बीच एक-दूसरे से
आगे रहने से एकता टूट गई है।
हाल के विधानसभा चुनावों में तीन राज्यों में पराजय से कांग्रेस के रवैये में कोई बदलाव नहीं आया है
और वह समस्याग्रस्त क्षेत्रों की ओर से आंखें मूंदे बैठी है।
विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की हार के बाद, सपा भी मध्य प्रदेश में अपने निराशाजनक प्रदर्शन को
आसानी से भूलकर “मैंने कहा था तुम्हें” मूड में है।
एक वरिष्ठ सपा नेता ने कहा, ”कांग्रेस को यूपी में गठबंधन के लिए कोई शर्त रखने का अधिकार नहीं
है। हम भाजपा के लिए सबसे बड़ी चुनौती हैं और सीटों का बंटवारा किसी पार्टी की राजनीतिक
प्रासंगिकता के अनुसार होगा।”

