PWL 2026: दिल्ली दंगल वॉरियर्स ने महाराष्ट्र केसरी को 6–3 से हराया, सारिका का बड़ा उलटफेर

PWL

PWL 2026: दिल्ली दंगल वॉरियर्स ने महाराष्ट्र केसरी को 6–3 से हराया


, सारिका का बड़ा उलटफेर

 

नोएडा, 16 जनवरी। दिल्ली दंगल वॉरियर्स ने प्रो रेसलिंग लीग (PWL) 2026 में शानदार आगाज़ करते हुए अपने पहले मुकाबले में महाराष्ट्र केसरी को 6–3 से शिकस्त दी। नोएडा इंडोर स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में दिल्ली की टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए लीग में मजबूत शुरुआत की।
महाराष्ट्र केसरी ने 57 किग्रा महिला वर्ग में मनीषा भनवाला की 6–0 की जीत से बढ़त बनाई। इसके बाद दिल्ली के शुभम कौशिक ने पुरुषों के 57 किग्रा वर्ग में पावर मिनट में चार अंकों का निर्णायक टेकडाउन लगाते हुए 12–10 से जीत दर्ज कर स्कोर बराबर कर दिया।

53 किग्रा महिला वर्ग में 17 वर्षीय सारिका ने दिन का सबसे बड़ा उलटफेर किया। उन्होंने पेरिस ओलंपिक 2024 की रजत पदक विजेता गुज़मान लोपेज़ युसनेयलिस को 7–0 से हराकर दिल्ली को बढ़त दिलाई। हालांकि महाराष्ट्र की अनुभवी पहलवान दुडोवा बिल्याना झिवकोवा ने अंजलि को 10–2 से हराकर स्कोर 2–2 कर दिया।

125 किग्रा हैवीवेट मुकाबले में महाराष्ट्र के रॉबर्ट बारन ने रोनक को 5–0 से हराकर टीम को फिर बढ़त दिलाई। इसके बाद दिल्ली ने लगातार तीन मुकाबले जीतकर मैच पर कब्जा जमाया। 74 किग्रा वर्ग में तुरान बायरामोव ने यश को 14–10 से हराया, जबकि 76 किग्रा महिला वर्ग में अनास्तासिया अल्पयेवा ने हर्षिता मोर को फॉल से मात दी।

86 किग्रा पुरुष वर्ग में वफाएइपौर हादी बख्तियार ने अमित को 5–3 से हराया। अंतिम मुकाबले में कप्तान सुजीत कलकल ने 6–2 की जीत दर्ज कर दिल्ली दंगल वॉरियर्स को 6–3 की शानदार टीम जीत दिलाई।

दिल्ली की अनास्तासिया अल्पयेवा को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ और महाराष्ट्र केसरी के रॉबर्ट बारन को ‘फाइटर ऑफ द मैच’ चुना गया।

प्रो रेसलिंग लीग PWL 2026 का आयोजन 15 जनवरी से 1 फरवरी तक नोएडा इंडोर स्टेडियम में किया जा रहा है। सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स टेन 4 और टेन 5 पर किया जा रहा है, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव पर उपलब्ध है।

लीग के दूसरे दिन हरियाणा थंडर्स और पंजाब रॉयल्स आमने-सामने होंगे। वहीं तीसरे दिन डबल हेडर में पहले मुकाबले में टाइगर्स ऑफ मुंबई और यूपी डॉमिनेटर्स भिड़ेंगे, जबकि दूसरा मैच दिल्ली दंगल वॉरियर्स और हरियाणा थंडर्स के बीच खेला जाएगा।

   हमारे दूसरे प्लेटफॉर्म्स से जुड़ें…..

Related posts

Leave a Comment