न्यू अशोक नगर इलाके में चल रहे अवैध हुक्का बार पर आधी रात
को पुलिस ने छापा मारा। हुक्का बार में न सिर्फ प्रतिबंधित हुक्के चल रहे थे बल्कि शराब भी परोसी जा
रही थी। पुलिस ने यहां से तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। इनमें हुक्का बार का मालिक भी है।
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपितों की पहचान शिवम (24), लक्की (18) और अभि रावत (23) के
रूप में हुई है। शिवम हुक्का बार का मालिक है। वह बिना अनुमति के ही फूड कैफे की आड़ में अवैध
हुक्का बार चला रहा था।
पुलिस को इनके हुक्का बार से चार हुक्के, भारी मात्रा में प्रतिबंधित तंबाकू,
उत्तर-प्रदेश में बिक्री की आठ शराब की बोतलों के अलावा अन्य सामान बरामद हुआ। आरोपित कितने
दिनों से वारदात को अंजाम दे रहा था, न्यू अशोक नगर थाना पुलिस इसका पता लगाने का प्रयास कर
रही है। आरोपित शिवम से पूछताछ जारी है।
डीसीपी अपूर्वा गुप्ता ने बताया कि गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात को उनकी टीम को सूचना मिली
कि न्यू कोंडली इलाके के एक इमारत में अवैध हुक्का बार चल रहा है। सूचना के बाद पुलिस टीम
बिल्डिंग की पहली मंजिल पर पहुंची। यहां गोल्डन एरा के नाम से फूड कैफे मौजूद था। अंदर कुछ लड़के
बैठ कर खुलेआम हुक्का पी रहे थे।
पुलिस ने शिवम समेत तीन आरोपितों को मौके से दबोच लिया। वहां
से प्रतिबंधित तंबाकू, शराब व अन्य सामान बरामद हुआ।