OSD गुंजा सिंह ने सैनी गांव का किया औचक निरीक्षण, साफ-सफाई व्यवस्था का लिया जायजा
ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एनजी रवि कुमार के निर्देशानुसार शहर के सेक्टरों और गांवों में स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए प्राधिकरण द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत निवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने, कूड़ा-कचरा फैलाने वालों के खिलाफ जुर्माना लगाने और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने की कार्रवाई तेजी से चल रही है।

इसी कड़ी में गुरुवार को ग्रेटर नोएडा वेस्ट की प्रभारी और वरिष्ठ अधिकारी OSD गुंजा सिंह ने सहायक प्रबंधक गौरव बघेल और स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ सैनी गांव का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गांव में साफ-सफाई की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया और ग्रामवासियों से नियमित सफाई व्यवस्था के बारे में फीडबैक प्राप्त किया।
निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर गंदगी और अव्यवस्था देखने को मिली, जिस पर OSD गुंजा सिंह ने स्वास्थ्य विभाग की टीम और संबंधित ठेकेदार (कान्ट्रैक्टर) को कड़ी फटकार लगाई।

उन्होंने सफाई व्यवस्था में तत्काल सुधार लाने और गांव को स्वच्छ रखने के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही, लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों और ठेकेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी। OSD गुंजा सिंह ने कहा कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण स्वच्छ और हरा-भरा शहर बनाने के लिए कटिबद्ध है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि स्वच्छता अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए औचक निरीक्षण का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने ग्रामवासियों से भी अपील की कि वे स्वच्छता बनाए रखने में प्राधिकरण का सहयोग करें और कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें। इस अभियान के तहत प्राधिकरण का स्वास्थ्य विभाग और अन्य टीमें लगातार शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता की स्थिति पर नजर रख रही हैं, ताकि ग्रेटर नोएडा को स्वच्छता के मामले में एक आदर्श शहर बनाया जा सके।

