Noida पुलिस की बड़ी कामयाबी, चोरी के दो शातिर बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, एक घायल
Noida, 08 अगस्त 2025: गौतमबुद्धनगर पुलिस ने एक बार फिर अपराधियों के खिलाफ कड़ा कदम उठाते हुए थाना सेक्टर-24 की पुलिस टीम ने मुठभेड़ के दौरान दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में एक बदमाश घायल हुआ है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी का सामान, अवैध हथियार, औजार और एक एक्सेंट कार बरामद की है। घटना 07 अगस्त 2025 की रात की है, जब सेक्टर-24 पुलिस ने सेक्टर-35 के पास गंदे नाले के रास्ते पर बैरियर लगाकर वाहनों की चेकिंग कर रही थी।

इस दौरान एक संदिग्ध एक्सेंट कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश, जुबैर पुत्र इदरीश, गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरे बदमाश मशील पुत्र नसीबुल को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया।पुलिस ने बताया कि दोनों अभियुक्त नोएडा, दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में बंद घरों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।

पूछताछ में जुबैर ने बताया कि वह पहले एसी ठीक करने का काम करता था, लेकिन लॉकडाउन के बाद चोरी शुरू कर दी। टैक्सी चलाने के बहाने वह बंद घरों की रेकी करता था और चोरी का सामान कबाड़ियों को बेच देता था। मशील ने बताया कि उसकी मुलाकात जुबैर से जेल में हुई थी, जिसके बाद दोनों ने मिलकर चोरी की कई वारदातें अंजाम दीं।
बरामद सामान में दो कैमरे, पीली और सफेद धातु की ज्वैलरी, तांबे और पीतल के बर्तन, सात हाथ घड़ियां, 23,766 रुपये नकद, एक अवैध तमंचा, एक चाकू और घटना में प्रयुक्त कार शामिल हैं। दोनों अभियुक्तों के खिलाफ कई थानों में चोरी और हथियारों से संबंधित मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि यह अपराध नियंत्रण की दिशा में एक बड़ा कदम है।

