Noida किसानों का धरना जारी, प्राधिकरण के आश्वासन के बावजूद नहीं बनी सहमति
Noida, 30 जुलाई 2025: भारतीय किसान यूनियन मंच के बैनर तले नोएडा प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र के 81 गांवों के हजारों किसानों ने आज नोएडा प्राधिकरण कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों की मांगों को लेकर प्राधिकरण और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ वार्ता हुई, लेकिन धरना समाप्त करने पर सहमति नहीं बन सकी।

भारतीय किसान यूनियन मंच के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधीर चौहान ने बताया कि Noida प्राधिकरण के विशेष कार्यकारी अधिकारी क्रांति शेखर और Noida जोन के एसीपी प्रथम प्रवीण ने किसानों के साथ वार्ता का प्रस्ताव रखा। इसके बाद शाम को प्राधिकरण के बोर्ड रूम में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी संजय खत्री, ओएसडी सतीश पाल, महेंद्र प्रसाद, एसडीएम सीमा चौहान, डीएम विजय रावल, और आरपी सिंह सहित अन्य अधिकारियों के साथ सकारात्मक चर्चा हुई।

संजय खत्री ने आश्वासन दिया कि किसानों के 5 मूल प्लॉटों के आवंटन, 10 प्रतिशत धनराशि के चेक, और आबादी से संबंधित कार्य 4 दिन से 2 सप्ताह के भीतर पूरे किए जाएंगे। हालांकि, भारतीय किसान यूनियन मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष विमल त्यागी ने स्पष्ट किया कि जब तक प्राधिकरण इन मांगों को पूरी तरह लागू नहीं करता, तब तक अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।

किसानों ने फैसला लिया है कि कल सुबह धरना स्थल पर भारतीय किसान यूनियन मंच और 81 गांवों के किसानों की संयुक्त बैठक होगी, जिसमें आंदोलन की आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। सभी पदाधिकारियों और किसानों से Noida प्राधिकरण कार्यालय पहुंचने का आह्वान किया गया है।
किसानों का कहना है कि वे प्राधिकरण के आश्वासनों पर भरोसा तो कर रहे हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई के बिना धरना समाप्त नहीं होगा। यह आंदोलन नोएडा के किसानों के हक और अधिकारों की लड़ाई का प्रतीक बन चुका है।
Table of Contents
इस पेज को फॉलो करें: UN NEWS WHATSAPP

