आत्महत्या के लिये उत्प्रेरित करने वाला एक अभियुक्त व एक अभियुक्ता गिरफ्तार
Noida थाना बिसरख पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में एक सनसनीखेज घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों, राजकुमार और उसकी भाभी सावित्री, को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर आज सुबह डबल पुलिया के पास पुराना हैबतपुर से की गई। दोनों के खिलाफ मुकदमा संख्या 85/2025, धारा 85 और 108 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2012 में अमेठी जिले के फुर्सतगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पुरेधिगई का पुरवा निवासी राजकुमार, पुत्र रतीपाल, की शादी आरती के साथ हुई थी। यह आरती की दूसरी शादी थी, जिसे लेकर राजकुमार और उसकी भाभी सावित्री (पत्नी राजाराम) उसे नापसंद करते थे। वर्तमान में दोनों जगदम्बा इन्क्लेव, पुराना हैबतपुर, थाना बिसरख, गौतमबुद्धनगर में रह रहे थे। पुलिस जांच में सामने आया कि राजकुमार छोटी-छोटी बातों पर आरती के साथ मारपीट करता था। आरती अपने मकान में रहने वाले किरायेदारों के लिए खाना बनाकर और कभी-कभी मायके से मिली मदद से अपना गुजारा चलाती थी।
घटना का तात्कालिक कारण 3 अप्रैल 2025 को सामने आया, जब आरती ने अपने पति राजकुमार और जेठानी सावित्री को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। उसने दोनों को ऐसा न करने की सलाह दी, लेकिन इसके जवाब में आरोपियों ने आरती के साथ मारपीट की और उसे प्रताड़ित करते हुए कहा, “हम तो ऐसे ही करेंगे, आपको रहना हो तो रहो, वरना अपने बच्चों के साथ मर जाओ।” इस अपमान और लगातार प्रताड़ना से तंग आकर आरती ने 4 अप्रैल 2025 को अपनी 6 साल की बेटी सोहानी और 4 साल के बेटे रोहान के साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
आरती के भाई की लिखित शिकायत पर थाना बिसरख में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को आज सुबह गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राजकुमार (उम्र करीब 35 वर्ष) और सावित्री (उम्र करीब 35 वर्ष) के रूप में हुई है।
दोनों मूल रूप से अमेठी के रहने वाले हैं और वर्तमान में Noida के पुराना हैबतपुर में रह रहे थे।