MLC गौतमबुद्धनगर में मेरठ खण्ड स्नातक व शिक्षक निर्वाचन नामावलियों का पुनरीक्षण शुरू

MLC

MLC गौतमबुद्धनगर में मेरठ खण्ड स्नातक व शिक्षक निर्वाचन नामावलियों का पुनरीक्षण शुरू

 

गौतम बुद्ध नगर, 13 अक्टूबर 2025 भारत निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद MLC के मेरठ खण्ड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण का कार्यक्रम निर्धारित किया है। अर्हता तिथि 1 नवंबर 2025 के आधार पर यह प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) व उप जिला निर्वाचन अधिकारी गौतमबुद्धनगर अतुल कुमार ने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत 30 सितंबर 2025 को सार्वजनिक नोटिस जारी की गई। इसके बाद 15 अक्टूबर को समाचार पत्रों में प्रथम पुनर्प्रकाशन और 25 अक्टूबर को द्वितीय पुनर्प्रकाशन होगा।

 

पंजीकरण के लिए फार्म-18 (स्नातक) और फार्म-19 (शिक्षक) में आवेदन 6 नवंबर 2025 तक स्वीकार किए जाएंगे। 20 नवंबर तक पांडुलिपियों की तैयारी और आलेख्य निर्वाचन नामावलियों का मुद्रण होगा, जबकि 25 नवंबर को आलेख्य प्रकाशन होगा। दावे और आपत्तियां 25 नवंबर से 10 दिसंबर तक दाखिल की जा सकेंगी, जिनका निराकरण और अनुपूरक सूची का प्रकाशन 25 दिसंबर तक होगा।

अंतिम निर्वाचक नामावली 30 दिसंबर 2025 को प्रकाशित होगी। जिले में 13 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें श्री अग्रसेन आदर्श इंटर कॉलेज (दादरी), राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (नोएडा), पंचशील बालक इंटर कॉलेज (नोएडा), अमीचंद इंटर कॉलेज (कासना), और जनता इंटर कॉलेज (जेवर) आदि शामिल हैं।

 

MLC स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में पंजीकरण के लिए आवेदक को 1 नवंबर 2025 से तीन वर्ष पूर्व स्नातक होना अनिवार्य है, साथ ही मार्कशीट/डिग्री की प्रमाणित प्रति और निवास प्रमाण प्रस्तुत करना होगा। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए आवेदक को पिछले छह वर्षों में कम से कम तीन वर्ष तक शिक्षक के रूप में कार्यरत होना आवश्यक है।

दस्तावेजों का सत्यापन जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा होगा। दोनों फार्मों में पासपोर्ट आकार का नवीनतम फोटो अनिवार्य है। फार्म-18 और फार्म-19 निःशुल्क मतदान केंद्रों या जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं।

पात्र स्नातकों और शिक्षकों से अपील है कि वे 6 नवंबर तक अपने आवेदन संबंधित मतदान केंद्रों पर जमा करें और इस प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग दें।

 

    ये भी पढ़ें…….

   हैबतपुर डूब क्षेत्र Floodplain में चला ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का बुल्डोजर, 10,000 वर्ग मीटर जमीन अतिक्रमण मुक्त।

   गत्ता कंपनी में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

      हमारे दूसरे प्लेटफॉर्म्स से जुड़ें…..

Related posts

Leave a Comment