आम आदमी पार्टी ने वर्ष 2024 में होने जा रहे लोकसभा चुनाव के
मद्देनजर एक पोस्टर जारी क्या है। पोस्टर में लिखा है “आप का असर है, बदलाव की लहर है, देश को
आप पसंद है, देश मांगे आप”।
इतना ही नहीं पोस्टर में भारत का नक्शे में किस राज्य में आम आदमी
पार्टी के कितने सांसद, विधायक, पार्षद हैं, इसे दर्शया गया है। आम आदमी पार्टी की ओर से जारी
पोस्टर में बताया गया है कि दिल्ली में 62 विधायक 50 से अधिक पार्षद तीन राज्यसभा सांसद हैं।
पंजाब में 20 विधायक एक लोकसभा सांसद, 62 पार्षद और चंडीगढ़ नगर निगम में 14 निगम सदस्य
हैं।
जम्मू कश्मीर में एक जिला विकास परिषद सदस्य है। गुजरात में 27 निगम पार्षद, सूरत में 47
ग्राम पंचायत सदस्य, गांधीनगर में 1 वार्ड सदस्य है। महाराष्ट्र में 145 ग्राम पंचायत सदस्य, गोवा में
एक जिला पंचायत सदस्य, कर्नाटक में 22 ग्राम पंचायत सदस्य हैं। तेलंगाना में एक पार्षद, छत्तीसगढ़ में
एक पार्षद हिमाचल प्रदेश में 36 ग्राम पंचायत सदस्य हरियाणा में एक नगर निगम सदस्य उत्तर प्रदेश
में 50 पार्षद हैं। बता दें कि आम आदमी पार्टी इंडिया एलाइंस गठबंधन में शामिल है। अभी तक
गठबंधन की ओर से लोकसभा चुनाव में किस राज्य में कौन सी पार्टी कितनी सीट पर चुनाव लड़ेगी
इसको लेकर कोई निर्णय नहीं लिया गया है। बता दें कि 26 नवंबर 2012 को आम आदमी पार्टी की
स्थापना हुई थी। 28 दिसंबर 2013 में पहली बार दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार बनी थी।
हालांकि कांग्रेस के समर्थन से बनी यह सरकार सिर्फ 49 दिन तक चली थी। इसके बाद वर्ष 2015 में
आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के विधानसभा चुनाव में 70 में से 67 सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की
थी।
इसके बाद से लगातार दिल्ली की सत्ता पर आम आदमी पार्टी काबिज है। बता दें कि भारतीय जनता
पार्टी और कांग्रेस के बाद आम आदमी पार्टी तीसरी सबसे बड़ी पार्टी है जिसकी एक से अधिक राज्यों में
सरकार है। इसी साल आम आदमी पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा भी मिला। राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा
मिलने के बाद आम आदमी पार्टी ने हाल ही में हुए पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव लड़ा लेकिन एक
भी विधायक जीत नहीं दर्ज कर सका।

