जीआईएमएस में PGDM छात्रों के लिए भव्य फ्रेशर्स पार्टी, पावरस्टार पवन सिंह की प्रस्तुति ने बांधा समां
ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित जीएनआईओटी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (जीआईएमएस) में पीजीडीएम PGDM के नए छात्रों के स्वागत में एक शानदार फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रसिद्ध भोजपुरी गायक व अभिनेता पावरस्टार पवन सिंह और दुबई के प्रख्यात उद्योगपति रिजवान अदातिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और मां सरस्वती वंदना के साथ हुई। संस्थान के अध्यक्ष डॉ. राजेश गुप्ता ने छात्रों को शिक्षा के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया और जीआईएमएस की सर्वांगीण विकास की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। सीईओ स्वदेश कुमार सिंह ने युवाओं से अनुशासन और मेहनत को जीवन का मूल मंत्र बनाने का आह्वान किया, साथ ही संस्थान की वैश्विक दृष्टि और उद्योग से जुड़ाव पर जोर दिया।

निदेशक डॉ. भूपेंद्र कुमार सोम ने कहा कि इस तरह के आयोजन छात्रों की सृजनात्मकता और नवाचार को बढ़ावा देते हैं। मुख्य अतिथि रिजवान अदातिया ने छात्रों को वैश्विक दृष्टिकोण और उद्यमिता की भावना अपनाने की सलाह दी, जबकि पवन सिंह ने मेहनत, जुनून और लगन को सफलता का आधार बताया।

छात्रों ने पारंपरिक नृत्य, एकल गायन, बैंड परफॉर्मेंस और रैंप वॉक जैसी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा पवन सिंह का चार घंटे का संगीतमय प्रदर्शन, जिसमें उनके लोकप्रिय गीतों ने दर्शकों को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया।

समापन में विजेताओं को संस्थान के पदाधिकारियों द्वारा सम्मानित किया गया। पवन सिंह ने जीआईएमएस के सीईओ स्वदेश कुमार सिंह और आयोजकों का धन्यवाद देते हुए इस मंच पर प्रस्तुति देने को गौरवपूर्ण बताया। सीईओ स्वदेश कुमार सिंह ने आयोजन की सफलता के लिए संस्थान के सदस्यों और गौतमबुद्धनगर पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

यह फ्रेशर्स पार्टी न केवल नए छात्रों के स्वागत का अवसर थी, बल्कि जीआईएमएस के छात्रों की प्रतिभा, अनुशासन और रचनात्मकता का जीवंत प्रदर्शन भी रही।

