दिल्ली-एनसीआर और अन्य इलाकों में शुक्रवार को दिनभर बारिश
होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इसके साथ ही वायु प्रदूषण भी कम हुआ है। दिल्ली का
एक्यूआई 450 से घटकर 300 पर आ गया है।
पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के चलते आने वाले चार-पांच
दिनों में राष्ट्रीय राजधानी और अन्य इलाकों का तापमान दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होने के कारण आगामी चार-पांच दिनों में राजधानी
का तापमान दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। मौसम विज्ञानी सोमा सेन रॉय ने शुक्रवार
को बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते दिल्ली में हल्की बारिश की उम्मीद की जा रही थी लेकिन गहरे
बादल छाए और अच्छी बारिश दर्ज की गई।
उन्होंने बताया कि पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में व्यापक वर्षा की उम्मीद है। इसके साथ ही पंजाब, हरियाणा,
उत्तरी राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की उम्मीद की जा रही है। दिल्ली में कल से
आसमान साफ रहेगा। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के कारण उत्तर पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों में ठंडी
हवाएं चलेंगी। यानी अगले चार से पांच दिनों तक तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।