DADRI में खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्त कार्रवाई: पनीर के नमूने जब्त, चार मीट शॉप सील
गौतम बुद्ध नगर, DADRI 13 सितंबर 2025: जनपद वासियों को शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिलाधिकारी मेधा रूपम के निर्देशन में दादरी में ताबड़तोड़ कार्रवाई की।

विभाग ने रेलवे रोड, DADRI दादरी में दो पनीर की दुकानों पर छापेमारी कर संजू पनीर भंडार और न्यू गढ़वाल पनीर भंडार से पनीर के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए। इस दौरान कुछ दुकानदार दुकान बंद कर फरार हो गए।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारियों विशाल गुप्ता और एस.के. पाण्डेय की टीम ने नई आबादी, दादरी में पुलिस और नगरपालिका परिषद के सहयोग से मीट की दुकानों का निरीक्षण किया।

चार मीट शॉप्स—इदरीस कुरैशी, फुरकान कुरैशी, जुनेद कुरैशी और जावेद कुरैशी की दुकानों पर FSSAI लाइसेंस न होने के कारण तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया और उनके खिलाफ सुसंगत धाराओं में वाद दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई। इसके अलावा, सात अन्य मीट दुकानों को मानकों का उल्लंघन करने पर नोटिस जारी किए गए।
सर्वेश मिश्रा ने कहा कि आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिले में जांच अभियान तेज किया जाएगा। विभाग का लक्ष्य है कि जनपद वासियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध हों। कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

