Encroachment अतिक्रमण के खिलाफ प्राधिकरण का बुल्डोजर, 130 करोड़ की 65 हजार वर्ग मीटर जमीन मुक्त
Encroachment ग्रेटर नोएडा, 07 अगस्त 2025: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने गुरुवार को भनौता गांव में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण ने खसरा संख्या 131, 207, 228, 294, 295, 296 में फैले करीब 65 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र को अतिक्रमण से मुक्त कराया, जिसकी अनुमानित कीमत 130 करोड़ रुपये है।

यह कार्रवाई प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर की गई, जिसमें परियोजना और भूलेख विभाग की टीम ने पुलिस के सहयोग से अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया। प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके सिंह और ओएसडी राम नयन सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में पता चला कि कॉलोनाइजर बिना अनुमति के इस अधिसूचित क्षेत्र में अवैध कॉलोनी विकसित कर रहे थे।

उन्होंने कई मकान भी बना लिए थे। प्राधिकरण ने पहले नोटिस जारी किया था, लेकिन कॉलोनाइजर चोरी-छिपे निर्माण जारी रखे हुए थे। गुरुवार को 06 जेसीबी और 05 डंपर की मदद से तीन घंटे में अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिए गए।
एसीईओ सुमित यादव ने चेतावनी दी कि बिना अनुमति या नक्शा पास कराए निर्माण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से पूरी जानकारी लें, ताकि अवैध कॉलोनियों में उनकी मेहनत की कमाई न फंसे।

